नई दिल्ली
इस साल फरवरी में उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगे (North-East Delhi Riots 2020) में कथित भूमिका के आरोप में पुलिस ने रविवार देर रात जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को गिरफ्तार (Umar Khalid Arrested) किया। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह गिरफ्तारी गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून यानी Unlawful Activities (Prevention) Act (UAPA) के तहत की गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खालिद को 11 घंटे लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
2 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने भी की थी कुछ घंटे पूछताछ
दिल्ली दंगे के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो सितंबर को कुछ घंटे तक उमर से पूछताछ की थी। इससे पहले पुलिस ने दंगे से जुड़े एक अन्य मामले में उमर के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि (निषेध) कानून (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी दंगे के पीछे कथित साजिश के मामले में उमर से पूछताछ की थी। पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया था।